Tata Steel को मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में पहली छमाही की तुलना में काफी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है. कंपनी के CEO और प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने कहा कि इस्पात की मांग मजबूत बनी हुई है और बाजार की परिस्थितियां अनुकूल हैं.

नरेंद्रन के मुताबिक ऑटोमोबाइल और निर्माण जैसे प्रमुख ग्राहक क्षेत्रों में भी वृद्धि उत्साहजनक रही है. इससे कंपनी ने वित्त वर्ष की पहली छमाही में संतोषजनक प्रदर्शन किया. हालांकि, पश्चिम एशिया के संघर्ष का असर कंपनी पर हर तिमाही करीब 1,000 करोड़ रुपये और वैश्विक स्तर पर करीब 1,400 करोड़ रुपये का पड़ा है.

उन्होंने ओडिशा स्थित कलिंगानगर और मेरामंडली संयंत्रों में पहली छमाही के दौरान आई परिचालन चुनौतियों को भी स्वीकार किया. साथ ही भरोसा जताया कि दूसरी छमाही में उत्पादन और परिचालन स्थिर हो जाएंगे.

क्षमता विस्तार की योजना

Tata Steel ने Neelachal Ispat Nigam Ltd में 5 मिलियन टन क्षमता जोड़ने की घोषणा की है. कंपनी दक्षिण और पश्चिम भारत में लुधियाना जैसी scrap-based steel plants लगाने पर भी विचार कर रही है. ऐसे एक संयंत्र के लिए करीब 100-150 एकड़ जमीन, 0.8 मिलियन टन क्षमता और लगभग 3,000 करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत होगी. नरेंद्रन के अनुसार इन्हें एक से दो साल में स्थापित किया जा सकता है.

कंपनी का लक्ष्य आने वाले वर्षों में कुल क्षमता 40 मिलियन टन तक बढ़ाना है. कलिंगानगर और Neelachal में उसके पास करीब 6,000 एकड़ जमीन उपलब्ध है और लक्ष्य से जुड़े कई प्रोजेक्ट शुरू किए जा चुके हैं.

जमशेदपुर संयंत्र में बड़े विस्तार की गुंजाइश सीमित है. यहां कंपनी Tinplate और Combimills जैसी downstream सुविधाओं, साथ ही Hisarna Steelmaking और EASyMelt जैसी तकनीकों पर ध्यान देगी, ताकि कार्बन उत्सर्जन घटाया जा सके. महाराष्ट्र के चिरोली में संयंत्र लगाने की संभावना पर राज्य सरकार के साथ बातचीत भी चल रही है.