टाटा स्टील ने नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (NINL) के साथ विलय की प्रक्रिया चालू वित्त वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा है. कंपनी के कार्यकारी निदेशक और मुख्य वित्त अधिकारी कौशिक चटर्जी ने कहा कि प्रस्तावित विलय वित्त वर्ष के भीतर पूरा होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.

हालांकि, यह प्रक्रिया राष्ट्रीय कंपनी विधि अधिकरण (NCLT) की अंतिम मंजूरी पर निर्भर है. चटर्जी के मुताबिक, मामले की सुनवाई इस महीने के अंत में निर्धारित है.

₹40,000 करोड़ के विस्तार प्रस्ताव से जुड़ा मामला

NCLT से मंजूरी मिलने पर NINL में टाटा स्टील की प्रस्तावित लगभग ₹40,000 करोड़ की विस्तार योजना का रास्ता खुलेगा. कंपनी ने इस इकाई में करीब 50 लाख टन अतिरिक्त क्षमता जोड़ने की योजना घोषित की है. यह विस्तार लंबी उत्पाद श्रेणी से संबंधित होगा.

टाटा स्टील ने जुलाई 2022 में अपनी तत्कालीन सहायक कंपनी टाटा स्टील लॉन्ग प्रोडक्ट्स के जरिये NINL की संपत्तियां ₹12,100 करोड़ में खरीदी थीं. उस समय NINL के पास सालाना 10 लाख टन क्षमता वाला इस्पात विनिर्माण संयंत्र था.

यह इकाई टाटा स्टील के कलिंगनगर संयंत्र से करीब 5 से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन ने पहले कहा था कि नीलाचल इस्पात निगम में प्रस्तावित 50 लाख टन का विस्तार एक दीर्घ उत्पाद परियोजना है.

NINL को केंद्र सरकार के नेतृत्व में निजीकरण की प्रक्रिया के तहत बेची गई पहली सरकारी इस्पात कंपनी बताया गया है. टाटा स्टील की वार्षिक कच्चे इस्पात उत्पादन क्षमता 3.6 करोड़ टन है.