सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) ने महाराष्ट्र चैरिटी कमिश्नर के समक्ष अपने प्रशासन और गवर्नेंस से जुड़ी शिकायतों पर जवाब दाखिल कर दिया है. अब मामले में आगे की प्रक्रिया पर निर्णय कमिश्नर के स्तर पर होगा.
शिकायतें SDTT के ट्रस्टी और उपाध्यक्ष वेणु श्रीनिवासन तथा विजय सिंह ने उठाई हैं. इनमें नोएल टाटा के स्थायी ट्रस्टी के रूप में दर्जे, टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन के तौर पर उनकी भूमिका और नेविल टाटा को ट्रस्टी बनाए जाने की प्रक्रिया पर सवाल किए गए हैं.
रिपोर्टों के अनुसार, चैरिटी कमिश्नर ने पहले 12 अक्टूबर तक जवाब मांगा था. बाद में समय बढ़ाकर 19 अक्टूबर तक किया गया, जिसके भीतर ट्रस्ट ने अपना पक्ष प्रस्तुत किया. जवाब का ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया गया है.
टाटा संस में हिस्सेदारी के कारण अहम है मामला
SDTT के पास टाटा संस की करीब 28 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि सर रतन टाटा ट्रस्ट के पास लगभग 24 प्रतिशत हिस्सेदारी है. इस वजह से ट्रस्टों की गवर्नेंस और उनके मतदान अधिकारों से जुड़े फैसलों का टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी पर असर पड़ सकता है.
शिकायतों में टाटा संस के व्यावसायिक एवं रणनीतिक मामलों में SDTT की भूमिका पर भी नियामकीय जांच की मांग की गई है. चैरिटी कमिश्नर शिकायतों और ट्रस्ट के जवाब पर विचार करने के बाद आगे की कार्रवाई तय करेगा.
