तेलंगाना सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते यानी DA में कुल 6.37 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दी है. यह वृद्धि जनवरी 2024 से 3.64 फीसदी और जुलाई 2024 से 2.73 फीसदी की दर से लागू मानी जाएगी.

बढ़ा हुआ DA अक्टूबर 2026 की सैलरी में शामिल किया जाएगा. यह वेतन कर्मचारियों के खातों में 1 नवंबर को आने की बात कही गई है. 2020 पे स्केल वाले कर्मचारियों का DA 33.67 फीसदी से बढ़कर पहले 37.31 फीसदी और फिर 40.04 फीसदी होगा. 2015 पे स्केल में यह दर 73.34 फीसदी से बढ़कर 78.06 फीसदी और फिर 81.72 फीसदी हो जाएगी.

60 किस्तों में मिलेगा बकाया

जनवरी 2024 से सितंबर 2026 तक का एरियर 33 किस्तों में दिया जाएगा. जुलाई 2024 से सितंबर 2026 तक का बकाया 27 किस्तों में मिलेगा. इस तरह दोनों अवधियों का एरियर कुल 60 किस्तों में कर्मचारियों के General Provident Fund खाते में जमा किया जाएगा.

DA संशोधन से राज्य सरकार पर हर साल करीब 3,057 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा. इसमें जनवरी 2024 वाली किस्त के लिए लगभग 1,747 करोड़ और जुलाई 2024 वाली किस्त के लिए करीब 1,310 करोड़ रुपये शामिल हैं.

इस फैसले का लाभ UGC और AICTE पे स्केल वाले कर्मचारियों, जिला एवं मंडल परिषद कर्मचारियों, नगर निकायों के नियमित पे स्केल कर्मचारियों और फुल-टाइम कंटिजेंट कर्मचारियों को भी मिलेगा.