अगरतला: त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने गुरुवार को राज्य के पहले चाय नीलामी केंद्र का उद्घाटन किया. यह केंद्र अगरतला के गुरखाबस्ती स्थित पंडित नेहरू कॉम्प्लेक्स में बनाया गया है. इसके साथ त्रिपुरा देश का पांचवां और पूर्वोत्तर का असम के बाद दूसरा राज्य बन गया है, जहां चाय नीलामी केंद्र संचालित होगा.
त्रिपुरा टी डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (TTDCL) के अध्यक्ष समीर रंजन घोष के अनुसार, राज्य की करीब 60 प्रतिशत चाय अब तक त्रिपुरा के बाहर स्थित नीलामी केंद्रों के जरिए बेची जाती थी. उत्पादों को मुख्य रूप से गुवाहाटी और पश्चिम बंगाल भेजना पड़ता था, जिससे परिवहन लागत बढ़ती थी और बिक्री में देरी होती थी.
मौजूदा व्यवस्था में एक चाय खेप की बिक्री पूरी होने में लगभग 44 दिन लगते हैं. TTDCL को उम्मीद है कि अगरतला केंद्र इस अवधि को करीब 40 प्रतिशत तक घटा सकेगा. राज्य में 54 बड़े चाय बागान और लगभग 2,800 छोटे चाय उत्पादक हैं. सालाना उत्पादन करीब 90 लाख से एक करोड़ किलोग्राम बताया गया है.
केंद्र की सफलता खरीदारों और ब्रोकरेज कंपनियों की नियमित भागीदारी तथा प्रतिस्पर्धी बोली पर निर्भर करेगी. TTDCL ने इसके लिए कोलकाता और गुवाहाटी के खरीदारों से संपर्क किया है.
