सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन में होटल और होम-स्टे कारोबार को बढ़ावा देने की तैयारी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मध्य प्रदेश सरकार होटल या होम-स्टे निर्माण पर लागत का 30 प्रतिशत तक अनुदान देने की योजना बना रही है. यानी 10 लाख रुपये के प्रोजेक्ट पर अधिकतम 3 लाख रुपये तक की सहायता मिल सकती है.
सरकार का लक्ष्य सिंहस्थ के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए करीब 16,500 अतिरिक्त होटल कमरे तैयार करना है. इसके लिए निजी निवेश और स्थानीय स्तर पर आवास सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है.
योजना का दायरा उज्जैन शहर तक सीमित नहीं रहने की बात कही गई है. पंचकोशी मार्ग के प्रमुख पड़ावों को पर्यटन गांव के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है. दंगवाड़ा, रुणीजा और गजनी खेड़ी जैसे गांवों को भी इस योजना से जोड़ने की जानकारी सामने आई है.
सिंहस्थ 2028 का आयोजन मार्च से मई 2028 के बीच प्रस्तावित है. मध्य प्रदेश सरकार ने आयोजन से जुड़े बुनियादी ढांचे के लिए 10 विभागों की 128 परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिनकी अनुमानित लागत 13,752.17 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है. होटल-होम-स्टे सब्सिडी की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अंतिम दिशा-निर्देश अलग से स्पष्ट किए जाने बाकी हैं.
