उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों को दीपावली से पहले राहत देते हुए महंगाई भत्ता (डीए) पांच प्रतिशत बढ़ा दिया है. इसके बाद डीए 58 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है. बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी.
नई व्यवस्था का लाभ राज्य सरकार के नियमित कर्मचारियों के अलावा सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों और अन्य पात्र कर्मचारी वर्गों को मिलेगा. नवंबर 2026 के नियमित वेतन के साथ बढ़ी दर से डीए का भुगतान किए जाने की बात सामने आई है.
चार महीने के एरियर का प्रावधान
1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक का एरियर भी कर्मचारियों को मिलेगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सामान्य भविष्य निधि से जुड़े कर्मचारियों का एरियर कर कटौती के बाद उनके भविष्य निधि खाते में जमा किया जाएगा.
राष्ट्रीय पेंशन योजना से जुड़े कर्मचारियों के एरियर की राशि का एक हिस्सा टियर-1 पेंशन खाते में जमा होगा, जबकि शेष राशि पीपीएफ, राष्ट्रीय बचत पत्र या निर्धारित नियमों के तहत नकद दी जा सकती है. सेवानिवृत्त होने वाले या हाल में सेवानिवृत्त हुए पात्र कर्मचारियों के लिए पूरे एरियर के नकद भुगतान का प्रावधान बताया गया है.
