अमेरिका ने भारत से आने वाले सामान पर 25% तक अतिरिक्त टैरिफ का प्रस्ताव रखा है. इसके पीछे वॉशिंगटन ने भारत की औद्योगिक नीतियों और कथित “structural excess capacity” यानी संरचनात्मक अतिरिक्त विनिर्माण क्षमता को आधार बताया है. व्यापार समझौता होने की स्थिति में यह दर 17% तक रहने का प्रस्ताव है.

अमेरिकी तर्क में Make in India और Production Linked Incentive (PLI) जैसी नीतियों के जरिए उत्पादन क्षमता बढ़ाने, कुछ क्षेत्रों में निर्यात पर जोर देने और व्यापार अधिशेष कायम रहने का उल्लेख है. अमेरिका ने सौर मॉड्यूल, पेट्रोकेमिकल्स और स्टील जैसे क्षेत्रों को भी अपनी चिंता के दायरे में रखा है.

हालांकि, विनिर्माण क्षेत्र का अर्थव्यवस्था में हिस्सा अतिरिक्त क्षमता का सीधा प्रमाण नहीं माना जा सकता. उपलब्ध आंकड़े बताते हैं कि भारत में विनिर्माण का योगदान सकल घरेलू उत्पाद में करीब 13-17% के दायरे में है, जो कई प्रमुख विनिर्माण अर्थव्यवस्थाओं से कम है.

भारत ने अमेरिकी निष्कर्ष को खारिज करते हुए कहा है कि किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता नहीं है. नई अमेरिकी कार्रवाई Section 301 जांच के निष्कर्षों पर आधारित है और इससे भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता पर दबाव बढ़ सकता है.