Vantrock Real Assets अगले चार वर्षों में औद्योगिक, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग पार्क विकसित करने पर करीब ₹3,100 करोड़ निवेश करेगी. कंपनी का लक्ष्य इस अवधि में कुल 1.15 करोड़ वर्गफुट क्षेत्र विकसित करना है, जिसका पूरा होने पर सकल परिसंपत्ति मूल्य करीब ₹4,200 करोड़ रहने का अनुमान है.

कंपनी के शुरुआती प्रोजेक्ट दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु और पुणे में होंगे. इनकी कुल क्षमता करीब 30 लाख वर्गफुट होगी. कंपनी के अनुसार, इन प्रोजेक्ट्स पर निर्माण 2027 से शुरू किया जाएगा. इसके बाद Vantrock मुंबई महानगर क्षेत्र में प्रवेश करने की योजना बना रही है.

कंपनी ने बताया कि वह प्रीमियम ‘इन्फिल’ जमीन के लिए लंबी अवधि की लीज, जॉइंट वेंचर और जॉइंट डेवलपमेंट मॉडल अपनाएगी. जमीन खरीदने के बजाय इन विकल्पों पर जोर दिया जाएगा. कुल निवेश में मंजूरी, निर्माण और वित्तपोषण की लागत शामिल होगी. इसे इक्विटी, कंस्ट्रक्शन डेट और फॉरवर्ड फंडिंग के जरिए जुटाने की योजना है.

Vantrock पुराने वेयरहाउसिंग परिसरों के नवीनीकरण पर भी काम करेगी. कंपनी प्रमुख स्थानों पर मौजूद Grade-B इमारतों को सीधे खरीदने या साझेदारी के जरिए हासिल कर उन्हें Grade-A मानकों के अनुरूप विकसित करने का प्रस्ताव रखती है.

कंपनी के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल सिंघल के अनुसार, प्रमुख औद्योगिक और वेयरहाउसिंग पार्कों में मांग मजबूत है. Vantrock का कहना है कि वह ग्राहकों के कारोबारी केंद्रों से बहुत दूर नए परिसर बनाने के बजाय स्थापित कॉरिडोर में उपलब्ध जमीन और मौजूदा इमारतों पर ध्यान देगी.

कंपनी का फोकस लाइट मैन्युफैक्चरिंग, ई-कॉमर्स और थर्ड-पार्टी लॉजिस्टिक्स कंपनियों की जरूरतों को पूरा करने पर रहेगा. Vantrock इन परिसंपत्तियों का विकास, संचालन और प्रबंधन खुद करने की योजना बना रही है.