वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के सितंबर 2026 Chief Economists’ Outlook के मुताबिक वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की GDP वृद्धि दर 6.7% रह सकती है. रिपोर्ट में भारत को सर्वे में शामिल प्रमुख क्षेत्रों के बीच सबसे मजबूत विकास संभावनाओं वाला देश बताया गया है.

सर्वे में 92 मुख्य अर्थशास्त्रियों ने हिस्सा लिया. भारत के अगले 12 महीनों के आर्थिक परिदृश्य को लेकर 98% अर्थशास्त्रियों ने मध्यम या उससे बेहतर वृद्धि की उम्मीद जताई, जबकि 74% ने मजबूत या बहुत मजबूत वृद्धि का अनुमान लगाया. मई 2026 के सर्वे में यह अनुपात 52% था.

रिपोर्ट के अनुसार, भारत की वृद्धि को घरेलू मांग में बनी मजबूती का सहारा मिल सकता है. हालांकि, ऊंची ऊर्जा कीमतों को आर्थिक परिदृश्य के लिए जोखिम बताया गया है.

रोजगार के मोर्चे पर 70% अर्थशास्त्रियों को अगले 12 महीनों में बेरोजगारी दर में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है. अगस्त में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग की बेरोजगारी दर 5% रही, जो जुलाई के 5.1% से कम है. महंगाई को लेकर 55% अर्थशास्त्रियों ने मध्यम और 45% ने ऊंचे स्तर की आशंका जताई.