सॉफ्टवेयर कंपनी Zoho Corporation ने इस साल कर्मचारियों की सामान्य वार्षिक वेतनवृद्धि रोक दी है. कंपनी ने बढ़ती Artificial Intelligence (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर लागत और सॉफ्टवेयर क्षेत्र के अनिश्चित कारोबारी माहौल के बीच अपना मार्केटिंग खर्च भी कम किया है. Zoho के संस्थापक Sridhar Vembu ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह जानकारी दी.

Vembu ने कहा कि कंपनी ने पिछले 18 महीनों से अपने कर्मचारियों की संख्या को स्थिर रखा है और बड़े पैमाने पर छंटनी से बचने की कोशिश कर रही है. उनके मुताबिक, सॉफ्टवेयर क्षेत्र में रोजगार का वैश्विक परिदृश्य चुनौतीपूर्ण है.

उन्होंने बताया कि AI की वजह से कंपनी की लागत पर दोहरा दबाव पड़ा है. एक ओर डेटा सेंटर के लिए जरूरी सर्वर की कीमतों में करीब चार गुना बढ़ोतरी हुई है, वहीं दूसरी ओर AI के इस्तेमाल में तेज वृद्धि से खर्च काफी बढ़ गया है. कंपनी इन खर्चों को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है.

Vembu के अनुसार, चुनौतीपूर्ण भू-राजनीतिक परिस्थितियों ने भी कारोबारी दबाव बढ़ाया है. खर्च घटाने के तहत Zoho ने मार्केटिंग बजट कम किया है और कर्मचारियों को इस साल सामान्य वेतनवृद्धि नहीं दे पाने की जानकारी दी है. उन्होंने कर्मचारियों से इसके लिए माफी मांगते हुए उनके सहयोग के लिए आभार जताया.

उन्होंने कहा कि कंपनी बड़े पैमाने पर छंटनी से बचने के लिए पूरी कोशिश करेगी. Vembu ने यह भी कहा कि Zoho खुद को नए सिरे से तैयार करने की प्रक्रिया में है और अगले तीन से पांच साल इस बदलाव की सफलता के लिए महत्वपूर्ण होंगे.