धमतरी जिले के आमदी स्थित शासकीय नवीन कॉलेज में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कॉलेज जीवन, शैक्षणिक व्यवस्था और उच्च शिक्षा की संभावनाओं से परिचित कराना था. आयोजन प्राचार्य डॉ. मनदीप खालसा के निर्देशन में हुआ.
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष और आमदी नगर पंचायत की अध्यक्ष ज्योति साहू थीं. जनभागीदारी समिति के सदस्य तेजराम साहू, पारसमणी साहू, नागेन्द्र साहू, ज्ञानेश्वर साहू और जागेश्वर साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे.
राष्ट्रीय शिक्षा नीति और विषय चयन पर चर्चा
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभारी तरुण बैनर्जी ने विद्यार्थियों को नीति के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी. उन्होंने बहुविषयक शिक्षा, उच्च शिक्षा में उपलब्ध नए अवसरों और विषय चयन से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की. विद्यार्थियों को सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेने और कॉलेज के अनुशासन का पालन करने के लिए भी प्रेरित किया गया.
एनईपी कैंपस एम्बेसडर और बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा किरण ने शिक्षा के साथ कौशल विकास, रुचि और व्यक्तित्व निर्माण पर जोर दिया. डॉ. गौकरण प्रसाद जायसवाल ने कला विषयों से जुड़े रोजगार अवसरों और प्रतियोगी परीक्षाओं की संभावनाओं के बारे में बताया.
प्राचार्य डॉ. खालसा ने कहा कि कॉलेज में प्रवेश केवल पढ़ाई की शुरुआत नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की तैयारी का समय है. उन्होंने नियमित अध्ययन, लक्ष्य निर्धारण और कॉलेज की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की सलाह दी.
