अभनपुर क्षेत्र में रविवार रात एक कार के नदी में गिरने से रायपुर के एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई. हादसा टीला एनीकट के पास रात करीब 1 बजे हुआ. परिवार दिवाली मनाने गरियाबंद जिले के पसौद गांव जा रहा था.

मृतकों की पहचान रायपुर के लक्ष्मीनगर निवासी शीतल साहू (44), उनकी पत्नी भारती साहू, बेटे और बेटी के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार एनीकट के पास अचानक अनियंत्रित हुई और सीधे नदी में जा गिरी.

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. नदी से चारों के शव बाहर निकाले गए. पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

गोबरा नवापारा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती तौर पर कार के अनियंत्रित होकर नदी में गिरने की बात सामने आई है, लेकिन वाहन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है. दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.