रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में पचेड़ा-थनौद के पास पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार एक अज्ञात युवक की मौत हो गई. हादसा 18 सितंबर को हुआ. युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिकअप में रायपुर के भनपुरी से राजिम जा रहे लोग सवार थे. वे विश्वकर्मा प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले थे. वाहन में करीब 12 महिलाएं, बच्चे और पुरुष होने की बात सामने आई है. हादसे में कुछ बच्चों को मामूली चोटें आने की भी जानकारी है.

टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. मृतक युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है. पुलिस हादसे के कारणों, वाहन चालक की भूमिका और घायलों की स्थिति के संबंध में जानकारी जुटा रही है.