रायपुर ग्रामीण जिले के अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 139वीं कड़ी सुनी. यह कार्यक्रम एक निजी भवन में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे.
स्मृति ईरानी इन दिनों दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अभनपुर में कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी साझा की. पोस्ट के अनुसार, इस कड़ी में हैंडलूम क्षेत्र में काम कर रही महिलाओं, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जनभागीदारी से हो रहे बदलावों से जुड़ी प्रेरक कहानियों को रेखांकित किया गया.
‘वोकल फॉर लोकल’ पर जोर
स्मृति ईरानी ने बिहार के मखाने के ग्रीस तक पहुंचने को ‘वोकल फॉर लोकल’ की सफलता का उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग हिस्सों से सामने आने वाली प्रेरक कहानियों और जनभागीदारी के जरिए राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है.
उन्होंने कार्यक्रम की 139वीं कड़ी और ‘मन की बात’ के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा देशवासियों को बधाई भी दी. कार्यक्रम के दौरान मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना. स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी प्रस्तावित है.
