नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र के भाटपाल में करीब 15 साल तक सुरक्षा बलों की मौजूदगी का गवाह रहा परिसर अब विद्यार्थियों की पढ़ाई का केंद्र बन गया है. प्रशासन ने इस पुराने सुरक्षा कैंप को प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास में बदल दिया है. दोनों छात्रावासों में 150 सीटें स्वीकृत हैं, जबकि फिलहाल 153 विद्यार्थी यहां रह रहे हैं.
भाटपाल जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर है. छात्रावास के पास ही शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित है. स्कूल और छात्रावास के बीच की दूरी करीब 50 मीटर है. इससे दूरदराज के गांवों से आने वाले बच्चों को रोज लंबी दूरी तय करने या स्कूल के आसपास अलग कमरा लेने की जरूरत कम हुई है.
कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को आवास
अनुसूचित जनजाति बालक प्री-मैट्रिक छात्रावास में कक्षा 6वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 100 सीटें स्वीकृत हैं. यहां अभी 114 विद्यार्थी रह रहे हैं. कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए शुरू किए गए पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास में 50 सीटें हैं, जहां 39 विद्यार्थी रह रहे हैं. यह सुविधा एजुकेशन सिटी कुतुल से जुड़े विद्यार्थियों के लिए भी आवास की जरूरत पूरी कर रही है.
कक्षा 12वीं के विद्यार्थी कोमेंद्र राजबेड़ा गांव से आते हैं, जो भाटपाल से करीब 22 किलोमीटर दूर है. पहले उन्हें स्कूल के पास रहने के लिए बाहर कमरा लेना पड़ता था और उसका खर्च परिवार को उठाना पड़ता था. अब छात्रावास मिलने से वे वहीं रहकर पढ़ाई कर रहे हैं. कक्षा 9वीं के विद्यार्थी रितेश सोनी हलामीमुंजमेटा से आते हैं. उनके अनुसार साथियों के साथ रहना और स्कूल का पास होना पढ़ाई को आसान बनाता है.
कलेक्टर ने भोजन और स्वच्छता की समीक्षा की
कलेक्टर नम्रता जैन ने छात्रावास पहुंचकर कमरों, भोजन, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और जरूरतें जानीं. किचन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने तैयार हो रहे चावल और सब्जी को भी देखा. अधिकारियों को भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और तय मेन्यू के अनुसार नाश्ता व भोजन देने के निर्देश दिए गए.
दूरस्थ इलाकों में कक्षा 10वीं के बाद 11वीं-12वीं की पढ़ाई जारी रखना कई विद्यार्थियों के लिए कठिन होता है. भाटपाल का यह पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास स्कूल के पास सुरक्षित आवास उपलब्ध कराकर इस चुनौती को कम करने की कोशिश है.
