अचानकमार टाइगर रिजर्व में पर्यटन के नए सत्र के साथ केवची बफर सफारी प्रवेश द्वार और नए सफारी मार्ग की शुरुआत की गई है. इस सुविधा के बाद अमरकंटक और मध्यप्रदेश की ओर से आने वाले पर्यटक सीधे रिजर्व क्षेत्र तक पहुंच सकेंगे. इससे पहले उन्हें कोटा-शिवतराई होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता था.

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर केवची में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रवेश द्वार और सफारी मार्ग का लोकार्पण किया गया. सुबह 11:30 बजे केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वन मंत्री केदार कश्यप ने वर्चुअल माध्यम से इसका उद्घाटन किया. मुख्य वन संरक्षक मनोज पांडेय ने सफारी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

नए प्रवेश मार्ग की शुरुआत के पहले दिन 11 जिप्सी सफारी की बुकिंग हुई. इसके अलावा बैगा रिसॉर्ट के तीन कमरों की भी बुकिंग दर्ज की गई.

कार्यक्रम में जिम्मेदार ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने और जैव विविधता के संरक्षण पर जोर दिया गया. अधिकारियों के अनुसार पर्यटन गतिविधियों से वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बन सकते हैं.

मैकाल पर्वतमाला में फैले अचानकमार टाइगर रिजर्व में बाघ, तेंदुआ, गौर, भालू, सोनकुत्ता और चीतल जैसे वन्यजीव पाए जाते हैं. रिजर्व में पक्षियों की 400 से अधिक प्रजातियां भी बताई गई हैं. पर्यटन बढ़ने से स्थानीय युवाओं के लिए गाइड, सफारी वाहन संचालन, होम-स्टे और आतिथ्य सेवाओं में काम के अवसर बनने की उम्मीद है.