महासमुंद जिले के अछोला स्थित शासकीय हाईस्कूल में पोरा पर्व के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक गतिविधि आयोजित की गई. उच्च प्राथमिक स्तर के बच्चों ने मिट्टी से पारंपरिक खिलौने, नंदी बैल और कई तरह की आकृतियां बनाईं. गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों से काम करते हुए अनुभवात्मक सीख हासिल की.
आयोजन प्राचार्य पीएल गहिरवारे और शिक्षक थानुराम साहू के मार्गदर्शन में हुआ. इसका उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय राज्य की लोककलाओं, सांस्कृतिक विरासत और करके सीखने की प्रक्रिया से जोड़ना था. प्राचार्य ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए व्यावहारिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व पर जोर दिया.
शिक्षिका सुनीता बार्लो और शिक्षक आशीष कुमार साहू व चंद्र शेखर मन्नाडे की भी गतिविधि में सक्रिय मौजूदगी रही. शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मिट्टी तैयार करने, उसमें सही नमी बनाए रखने और सांचे व हाथों की मदद से नंदी बैल की आकृतियां बनाने की तकनीक समझाई.
बच्चों को पोरा पर्व के सामाजिक, धार्मिक और कृषि-आधारित महत्व के बारे में भी बताया गया. विद्यालय के अनुसार, इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों में सृजनशीलता, एकाग्रता, सौंदर्यबोध और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित करने में मदद मिलती है.
