छत्तीसगढ़ के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा का उनके पैतृक गांव भेंडरा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. 78 वर्षीय कोर्सेवाडा का हैदराबाद के एक अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हुआ था.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अंतिम संस्कार में शामिल हुए. उन्होंने दिवंगत विधायक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी. मुख्यमंत्री ने अंतिम यात्रा के दौरान पार्थिव देह को कंधा भी दिया. राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के बाद भेंडरा में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई.
अंतिम यात्रा में शासन और भाजपा संगठन से जुड़े कई प्रमुख लोग मौजूद रहे. कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, दयाल दास बघेल और गुरु खुशवंत साहेब के अलावा शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने श्रद्धांजलि दी. सांसद विजय बघेल और भोजराज नाग, विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय और श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पांडेय भी उपस्थित रहे. पूर्व विधायक लाभचंद बाफना समेत जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी अंतिम विदाई में शामिल हुए.
‘गुरुजी’ के नाम से थे लोकप्रिय
डोमनलाल कोर्सेवाडा का जन्म 12 अगस्त 1948 को हुआ था. उन्होंने राजनीति विज्ञान में एमए और बीएड की पढ़ाई की थी. शिक्षा के बाद उन्होंने शासकीय सेवा की और फिर सक्रिय राजनीति में आए. कार्यकर्ताओं और जनता के बीच वे ‘गुरुजी’ के नाम से लोकप्रिय थे.
वे 2008 में पहली बार अहिवारा से विधायक चुने गए थे. 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने दोबारा जीत दर्ज की और 25,263 मतों के अंतर से विजयी हुए. वे छत्तीसगढ़ सरकार के अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भी थे और उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था. अंतिम दर्शन के लिए हजारों समर्थक भेंडरा पहुंचे.
