दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शुक्रवार को 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. वे फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे और हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. उनके निधन के बाद छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह 11 बजे रायपुर पहुंचेगा. इसके बाद उसे भिलाई और दुर्ग होते हुए उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा.
अंतिम वीडियो में क्या कहा था
निधन से कुछ दिन पहले सामने आए एक वीडियो में कोर्सेवाड़ा ने अहिवारा की जनता का आभार जताया था. उन्होंने कहा था कि जनता की दुआओं और ईश्वर की कृपा से वे जल्द अपने विधानसभा क्षेत्र में लौटेंगे.
वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग उनके लिए दुआ की जगह बद्दुआ मांग रहे हैं. उन्होंने ऐसे लोगों का नाम लेने से इनकार करते हुए कहा कि जनता के बीच जाने और लोगों का सामना करने से पहले उन्हें सावधान रहना चाहिए. कोर्सेवाड़ा ने अपने कार्यकर्ताओं और जनता को अच्छा बताते हुए पांच-छह दिन में लौटने की उम्मीद जताई थी.
शिक्षा से राजनीति तक का सफर
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा ने 1998 में व्याख्याता पद से सेवानिवृत्त होने के बाद सक्रिय राजनीति में कदम रखा. 1999 में उन्होंने दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के तत्कालीन सांसद के निजी सहायक के रूप में भी काम किया. वर्ष 2008 में वे पहली बार भाजपा के टिकट पर अहिवारा से विधायक चुने गए.
2018 के विधानसभा चुनाव में अहिवारा सीट कांग्रेस के गुरु रुद्र कुमार ने जीती थी. वर्ष 2023 में भाजपा ने फिर कोर्सेवाड़ा पर भरोसा जताया. उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मल कोसरे को 25,263 मतों के अंतर से हराया. कोर्सेवाड़ा को 96,717 और कोसरे को 71,454 वोट मिले थे.
पहले कार्यकाल में उन्हें 2010 में छत्तीसगढ़ विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया था और कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिला था. वे विधानसभा की अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण संबंधी समितियों में भी रहे. 2023 के बाद वे विधानसभा की पुस्तकालय समिति के सभापति समेत अन्य समितियों में जिम्मेदारी निभा रहे थे. अक्टूबर 2025 में उन्हें अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था.
12 अगस्त 1948 को जन्मे कोर्सेवाड़ा ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर और बीएड की पढ़ाई की थी.
