छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को हुए विपक्षी दलों के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधा. बिलासपुर दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे और राहुल गांधी जैसे नेताओं की मौजूदगी के बावजूद मैदान में कुर्सियां खाली रह गईं.
चंद्राकर ने दावा किया कि इससे विपक्षी दलों की राजनीतिक ताकत और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदर्शन की सफलता का पैमाना जनता तय करती है.
उन्होंने आशुतोष रांका और अभिजीत दीपके को आम आदमी पार्टी से जुड़ा कार्यकर्ता बताया और विपक्षी दलों पर मौलिक विचारों की कमी का आरोप लगाया. चंद्राकर के मुताबिक, विपक्ष जनता से जुड़े मुद्दों के बजाय संवैधानिक संस्थाओं और EVM पर सवाल उठा रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब EVM के जरिए चुनाव जीतती थी, तब उसे इस व्यवस्था पर आपत्ति नहीं होती थी, लेकिन चुनाव हारने के बाद चुनाव आयोग और EVM पर सवाल उठाए जाते हैं.
SIR और जनादेश पर भी कांग्रेस को घेरा
चंद्राकर ने SIR को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी बूथों पर कांग्रेस के BLO तक मौजूद नहीं हैं, इसलिए देशभर की चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान जरूरी है और हार के बाद संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने से जनता का भरोसा कमजोर होता है.
इससे पहले सरकंडा स्थित ठाकुर छेदीलाल बैरिस्टर कृषि महाविद्यालय में भाजपा की ‘राष्ट्र चिंतन’ संगोष्ठी में भी उन्होंने कांग्रेस की आलोचना की. कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला मौजूद रहे. चंद्राकर ने कहा कि विपक्ष को केवल सत्ता का विरोध करने के बजाय राष्ट्रहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए.
