अंबिकापुर में 22 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में सरगुजा साइबर रेंज थाना पुलिस ने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को टेलीकॉम विभाग और दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताकर लोगों को डराते थे. मामले में आगे की जांच जारी है.
पुलिस के मुताबिक, गांधीनगर निवासी शिकायतकर्ता को फोन कर कहा गया कि उसके नाम पर फर्जी सिम चालू है और इसकी शिकायत दिल्ली पुलिस में की गई है. इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने वीडियो कॉल पर खुद को दिल्ली पुलिस अधिकारी बताया और शिकायतकर्ता के खाते में अवैध लेन-देन होने की बात कही. रिजर्व बैंक से जमा राशि का सत्यापन कराने के नाम पर उससे अलग-अलग बैंक खातों में कुल 22 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए.
सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देश पर मामले की विवेचना साइबर रेंज थाना को सौंपी गई. नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर भोपाल और महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों में कार्रवाई की.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर निवासी अर्जित विश्वकर्मा, हरियाणा के रेवाड़ी निवासी हर्ष सिंह, महाराष्ट्र के नवी मुंबई निवासी उजेर युसुफ शेख और मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम निवासी साहिल सिंह ठाकुर व कार्तिक निकम के रूप में हुई है.
बैंक खातों से क्रिप्टो तक पहुंचती थी रकम
पुलिस की जांच में सामने आया कि ठगी की रकम साहिल ठाकुर के खाते में पहुंची थी. पूछताछ में उसके खाते को कार्तिक निकम को बेचने की बात सामने आई. पुलिस के अनुसार, कार्तिक अलग-अलग लोगों से बैंक खाते और सिम समेत पूरी किट जुटाकर उन्हें बस के माध्यम से भोपाल भेजता था. वह टेलीग्राम ग्रुप से भी जुड़ा था.
जांच में यह भी पता चला कि रकम उजेर युसुफ शेख के खाते में ट्रांसफर हुई और उसने सेल्फ चेक से राशि निकाली. अर्जित विश्वकर्मा और हर्ष सिंह पर अलग-अलग लोगों से बैंक खाते लेकर उनमें ठगी की रकम डलवाने और बाद में उसे USDT क्रिप्टो में बदलकर मुख्य आरोपियों तक पहुंचाने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम या पासबुक किसी अन्य व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं. अधिकारियों ने ऑनलाइन जमा और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करते समय सावधानी बरतने को भी कहा है.
