अंबिकापुर में 19 और 20 सितंबर 2026 को “अग्र महाकुंभ–2026” का आयोजन किया जाएगा. छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन, अग्रवाल सभा अंबिकापुर और सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के आतिथ्य में होने वाले इस दो दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन में छत्तीसगढ़ समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी, उद्यमी, युवा और महिला प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है.

आयोजनकर्ताओं के अनुसार, 19 सितंबर को दोपहर 12 बजे उद्घाटन सत्र होगा. इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल अध्यक्षता करेंगे. पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज और अन्य जनप्रतिनिधियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति बताई गई है.

पहले दिन मंथन, महिला-युवा सत्र और कवि सम्मेलन

पहले दिन कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 10 बजे “अग्र-मंथन–2026” से होगी. दोपहर 12 से 2 बजे तक उद्घाटन सत्र के बाद महिला अधिवेशन आयोजित किया जाएगा. इसमें महिला सहभागिता, संगठन और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा होगी. इसी सत्र में “अग्र कुल दर्शन” पत्रिका का विमोचन भी प्रस्तावित है.

शाम 5 से 6 बजे तक युवा अधिवेशन में नेतृत्व, उद्यमिता और समाज निर्माण में युवाओं की भूमिका पर संवाद होगा. इसके बाद अंबिकापुर की महिलाओं और बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी. रात 8 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इसमें दिल्ली के कुशल कुशलेन्द्र, उज्जैन के हिमांशु बवंडर, सूरत की सोनल जैन और इटावा के देवेंद्र प्रताप “आग” के प्रस्तुति देने की जानकारी दी गई है.

योग, स्वास्थ्य और AI पर संवाद

20 सितंबर को सुबह 6:30 से 7:45 बजे तक योग शिविर होगा. इसके बाद “खुला संवाद—समाज से, समाज के लिए” सत्र में संगठन की चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर चर्चा की जाएगी. इसी क्रम में आधुनिक दौर में Artificial Intelligence के उपयोग और संभावनाओं पर कार्यशाला भी रखी गई है.

सुबह 11:30 बजे से स्वास्थ्य संबंधी सत्र में चिकित्सक स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विषयों पर जानकारी देंगे. कार्यक्रम में डॉ. बी. बी. अग्रवाल, डॉ. अनिमेष चौधरी, डॉ. आंचल अग्रवाल चौधरी, रक्त विशेषज्ञ डॉ. विकास गोयल और डॉ. विकास कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन की जानकारी दी गई है.

18 श्रेणियों में होगा सम्मान

दूसरे दिन “दशम अग्र अलंकरण समारोह–2026” में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं और समाजसेवी व्यक्तित्वों को 18 अलग-अलग अलंकरणों से सम्मानित किया जाएगा. प्रत्येक सम्मानित प्रतिभा को 11,000 रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न देने की योजना है. इनमें अग्र-भूषण, अग्र-सृजन, अग्र-शिरोमणि, अग्र-पुंज, अग्र-विशारद और अग्र-श्रेष्ठ जैसी श्रेणियां शामिल हैं.

शाम 5 बजे से प्रेरक वक्ता मनीष वाघसिया “परिवारोत्सव—प्रेम, विश्वास और संस्कारों का उत्सव” प्रस्तुत करेंगे. आयोजकों का कहना है कि महाकुंभ का उद्देश्य समाज के विभिन्न आयु वर्गों को जोड़ना, परिवारों में संवाद बढ़ाना और नई पीढ़ी की भागीदारी को मजबूत करना है. समापन सत्र में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की जानकारी दी गई है.