सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के देवटीकरा गांव में मंगलवार शाम उड़द के खेत में मधुमक्खियों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों पर हमला कर दिया. हादसे में 65 वर्षीय मोहरमनिया, उनके बेटे अजय यादव (40), प्रताप यादव (42) और चार वर्षीय बच्ची आरती गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है.
जानकारी के मुताबिक, अजय और उनके बड़े भाई प्रताप शाम करीब चार बजे खेत में मवेशी चरा रहे थे. इसी दौरान अजय की मां मोहरमनिया और उनकी चार वर्षीय बेटी आरती उड़द तोड़ रही थीं. खेत में लगे मधुमक्खियों के छत्ते के पास पहुंचने के बाद अचानक मधुमक्खियों ने चारों पर हमला कर दिया.
बच्ची को बचाने के लिए अजय ने उसे गोद में लेकर अपने शरीर से ढक लिया. इस दौरान उनके शरीर पर कई डंक लगे. उनकी मां और बेटी भी हमले में गंभीर रूप से घायल हुईं.
हमले के बाद चारों लोग जान बचाने के लिए गांव की ओर भागे. ग्रामीणों ने उन्हें देखकर कंबल से ढका और मधुमक्खियों से बचाने की कोशिश की. इसके बाद परिजन घायलों को पहले खम्हरिया अस्पताल ले गए. वहां से उन्हें लखनपुर और फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया.
अस्पताल में मोहरमनिया की हालत नाजुक बताई गई है और उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है. अजय, प्रताप और आरती का उपचार जारी है.
