सरगुजा जिले में यात्री बसों से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतों के बाद अंबिकापुर स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और बस यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक हुई. अधिकारियों ने बस संचालकों को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार ही किराया लेने का निर्देश दिया.

बैठक में बताया गया कि साधारण और रात्रिकालीन साधारण बसों में 1 से 5 किलोमीटर तक का किराया ₹9, 10 किलोमीटर का ₹14 और 20 किलोमीटर का ₹25 निर्धारित है. डीलक्स बसों में शुरुआती किराया ₹8, 10 किलोमीटर के लिए ₹18 और 20 किलोमीटर के लिए ₹38 है.

सुपर लग्जरी एसी बसों में 1 से 5 किलोमीटर तक न्यूनतम किराया ₹9, 10 किलोमीटर के लिए ₹24 और 20 किलोमीटर के लिए ₹54 तय किया गया है. किराया गणना में 50 पैसे से अधिक की राशि को अगले रुपये तक राउंड ऑफ किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम राशि छोड़ दी जाएगी.

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विनय सोनी ने कहा कि यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया लेना नियमों के विरुद्ध है. परिवहन विभाग ने बस संचालकों को अधिकृत किराया सूची उपलब्ध कराई है. इसे प्रत्येक बस में यात्रियों को स्पष्ट रूप से दिखाई देने वाली जगह पर चस्पा करना अनिवार्य होगा.

आरटीओ उड़नदस्ता प्रभारी आशांबर तेज द्विवेदी के अनुसार, बस स्टैंड और विभिन्न मार्गों पर जांच जारी रहेगी. किराया सूची नहीं मिलने या ओवरचार्जिंग की शिकायत सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. विभाग पहले ही बस स्टैंड पर औचक निरीक्षण कर कुछ बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर चुका है.

अंबिकापुर अंतरराज्यीय बस स्टैंड से प्रतिदिन 150 से अधिक बसों का संचालन होता है. बैठक में बस यूनियन ने डीजल, रखरखाव और स्टाफ से जुड़ी परिचालन समस्याएं भी उठाईं. अधिकारियों ने नियमों के दायरे में उचित समाधान का आश्वासन दिया.