छत्तीसगढ़ की पहली फैमिली ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन सरगुजा सेंट्रल जेल, अंबिकापुर में शुरू की गई है. जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने 2 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर इसका शुभारंभ किया. यह पहल छत्तीसगढ़ शासन के सेवा संकल्प अभियान के तहत शुरू की गई है.
फिलहाल इस ओपन जेल में दो बंदी अपने परिवार के साथ रह सकेंगे. बंदियों और उनके परिवारों के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाएं जेल विभाग उपलब्ध कराएगा. विभाग पहले महीने का राशन भी देगा. इसके बाद बंदियों को काम करके अपने राशन की व्यवस्था करनी होगी.
व्यवस्था के तहत दोनों बंदी सुबह रोजगार के लिए जेल से बाहर जा सकेंगे और काम पूरा होने के बाद शाम को लॉकअप से पहले वापस लौटेंगे. इस तरह उन्हें परिवार के साथ रहने के साथ रोजगार का अवसर भी मिलेगा. जेल विभाग की ओर से उन्हें रोजगार के पर्याप्त अवसर और अन्य काम के विकल्प उपलब्ध कराने की बात कही गई है.
यह सुविधा अंबिकापुर जेल में पहले से मौजूद जगह और संसाधनों का उपयोग करके शुरू की गई है. अधिकारियों के अनुसार, आगे चलकर ओपन जेल का आकार और सुविधाएं बढ़ाई जा सकती हैं. इसे भविष्य में प्रदेश की अन्य जेलों में भी लागू करने पर विचार किया जा सकता है. शुभारंभ के दौरान जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
