सरगुजा संभाग के छह जिलों के कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को अंबिकापुर में शुरू हुआ. शिविर में 49 ब्लॉक अध्यक्ष और 12 मास्टर ट्रेनर शामिल हो रहे हैं. कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत समेत अन्य नेताओं ने पहले दिन पदाधिकारियों को संगठन सृजन से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया.
प्रशिक्षण के दौरान ब्लॉक स्तर की संगठनात्मक स्थिति की जानकारी ली गई. इसके बाद पदाधिकारियों ने भी शिविर को संबोधित किया. तीन दिनों में कुल 12 सत्र आयोजित किए जाएंगे. प्रशिक्षण में शामिल मास्टर ट्रेनर आगे मंडल और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को तैयार करेंगे.
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी
कांग्रेस के अनुसार, यह प्रशिक्षण केवल आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी तक सीमित नहीं है. टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रशिक्षण के जरिए संगठनात्मक ढांचे में कार्यकर्ताओं को तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की गई है. प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश के सभी संभागों में ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं.
बस्तर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के बाद सरगुजा में यह चौथा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है. सरगुजा संभाग की सभी 14 विधानसभा सीटों पर पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद पार्टी ब्लॉक से बूथ स्तर तक अपनी टीम को मजबूत करने पर जोर दे रही है.
शिविर के दौरान दीपक बैज ने कांग्रेस में गुटबाजी के आरोपों को खारिज किया. उन्होंने दावा किया कि गुटबाजी भाजपा में है और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आपसी समन्वय के साथ काम करते हैं.
मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रशिक्षण शिविर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस भाजपा की नकल कर रही है और भाजपा पहले इस तरह के प्रशिक्षण आयोजित कर चुकी है.
