छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में दुर्ग पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) और कॉन्स्टेबल कथित तौर पर शराब के नशे में बेसुध हालत में मिले. दोनों अंबिकापुर सेंट्रल जेल में एक बंदी को शिफ्ट करने के बाद दुर्ग लौटने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे. घटना अंबिकापुर कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमवार सुबह दोनों पुलिसकर्मी प्रतीक्षा बस स्टैंड के बाहर एक ठेले के पास पड़े मिले. उनके पास ASI की सर्विस राइफल, इंसास, लावारिस हालत में पड़ी थी. लोगों की सूचना पर अंबिकापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राइफल को अपने कब्जे में लिया.

इस घटना की जानकारी सरगुजा के SSP राजेश अग्रवाल ने दुर्ग के SSP विजय अग्रवाल को दी. मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ. वीडियो में ASI वर्दी में और कॉन्स्टेबल सिविल ड्रेस में दिखाई दे रहा है.

दोनों की पहचान ASI जीवन प्रकाश एक्का और कॉन्स्टेबल ऋषिकांत त्रिपाठी के रूप में हुई है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 17 अक्टूबर को उन्हें दुर्ग से एक बंदी को अंबिकापुर सेंट्रल जेल ले जाने की जिम्मेदारी दी गई थी. बंदी को जेल में दाखिल कराने के बाद दोनों दुर्ग लौटने के लिए निकले थे.

मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग SSP ने दोनों को निलंबित कर दिया है. उन्हें रक्षित केंद्र अटैच किया गया है. रक्षित निरीक्षक को विभागीय जांच की जिम्मेदारी दी गई है और पांच दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है.