छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में कथित तौर पर मृत व्यक्ति को जिंदा करने और बीमारी ठीक करने का दावा करने वाले नौशाद अली को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उसके खिलाफ रसूलपुर और आसपास के 50 से ज्यादा लोगों से ठगी करने की शिकायत सामने आई है. मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर का रहने वाला नौशाद अली करीब नौ महीने पहले अंबिकापुर आया था. वह रसूलपुर में एक परिचित के घर रह रहा था और खुद को ‘सूफी सईद बाबा’ बताता था. शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वह खुद को रूहानी ताकतों का मालिक बताकर लोगों को प्रभावित करता था और जादू-टोने तथा बीमारी ठीक करने का भरोसा देता था.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि वह नि:संतान दंपती को संतान दिलाने का दावा करता था. वकील मोहम्मद अनीस के अनुसार, एक बीमार बच्चे को ठीक करने का दावा कर उसके पिता से करीब साढ़े चार लाख रुपये लिए गए. दो महीने बाद बच्चे की मौत हो गई. रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर रूहानी ताकत से नुकसान पहुंचाने का डर दिखाया गया.
शिकायतों में लाखों रुपये लेने का आरोप
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, अलग-अलग लोगों से नकद और PhonePe के जरिए रकम ली गई. इसमें 9 लाख, 4 लाख और 75 हजार रुपये समेत 10 हजार से 20 हजार रुपये तक की रकम शामिल है. पुलिस ने कहा कि जांच आगे बढ़ने पर पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती है.
24 नवंबर की रात रसूलपुर के कई लोग थाने पहुंचे थे. कुछ लोगों ने आरोपी के ठिकाने को घेरा, लेकिन वहां वह नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू की.
कोतवाली पुलिस ने नौशाद अली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है. सरगुजा के ASP राजेश देवांगन ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.
