अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन चलेगी. मंगलवार और गुरुवार को ट्रेन अंबिकापुर से रवाना होगी. मंगलवार को सांसद चिंतामणि महाराज, जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर विस्तारित सेवा की शुरुआत की.
अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस की शुरुआत वर्ष 2022 में हुई थी. पहले यह ट्रेन सप्ताह में केवल गुरुवार को चलती थी. सेवा के दो दिन किए जाने से सरगुजा संभाग के अलावा मध्यप्रदेश के यात्रियों को भी दिल्ली आने-जाने में सुविधा मिलने की उम्मीद है.
ट्रेन का समय और किराया
ट्रेन मंगलवार और गुरुवार को सुबह 7:30 बजे अंबिकापुर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:25 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी. वापसी में यह ट्रेन रविवार और मंगलवार रात 11 बजे दिल्ली से चलेगी और अगले दिन शाम 6:50 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी.
स्लीपर क्लास का किराया ₹595 और थर्ड एसी का किराया ₹1,520 बताया गया है. ट्रेन में 9 एसी, 4 स्लीपर और 4 जनरल कोच हैं. सेवा के पहले दिन स्लीपर कोच में सीटें भर गईं, जबकि एसी कोच में सीटें उपलब्ध रहीं.
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलना सरगुजा संभाग की लंबे समय से चली आ रही मांग की पूर्ति है. उन्होंने भविष्य में इसे सप्ताह में तीन दिन चलाने की आवश्यकता जताई. बिलासपुर डीआरएम राकेश रंजन के अनुसार, अंबिकापुर स्टेशन पर नए प्लेटफॉर्म और कोचिंग सुविधाओं में सुधार का काम भी चल रहा है.
