अंबिकापुर के होली क्रॉस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया गया. राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज के लोगों को साक्षरता के महत्व से परिचित कराना तथा हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रेरित करना था.

कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों ने लघु नाटिका प्रस्तुत की. इसके माध्यम से यह संदेश दिया गया कि केवल स्वयं पढ़-लिख लेना पर्याप्त नहीं है. समाज के आसपास ऐसे बच्चे भी हो सकते हैं, जो किसी कारण से शिक्षा से वंचित हैं. उन्हें स्कूल जाने के लिए प्रोत्साहित करना और आगे बढ़ने में मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी है.

वरिष्ठ शिक्षक एके सिन्हा ने कहा कि साक्षरता का अर्थ अक्षरों की पहचान या पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है. शिक्षा का दायरा इससे व्यापक है और इसका उद्देश्य व्यक्ति के ज्ञान तथा व्यक्तित्व का निरंतर विकास करना है. उन्होंने कहा कि अक्षर ज्ञान हासिल करने वाले व्यक्ति की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वह खुद भी सीखता रहे और दूसरों को भी शिक्षा के लिए प्रेरित करे.

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी निमेश केरकेट्टा और सहायक शिक्षिका नीलिमा तिर्की ने आयोजन में शामिल शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार जताया. उन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी को कार्यक्रम की सफलता का महत्वपूर्ण कारण बताया.