छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित श्री महावीर अस्पताल के ICU में कार्यरत डॉ. नुरूल आलम की MBBS डिग्री स्वास्थ्य विभाग की जांच में फर्जी पाई गई है. विभाग के अनुसार, डॉक्टर करीब दो वर्षों से अस्पताल में सेवा दे रहे थे. मामले में पुलिस से शिकायत कर FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं.

सीएमएचओ और नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी की संयुक्त टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया. इस दौरान डॉक्टरों और कर्मचारियों की योग्यता, डिग्री, पंजीयन और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया गया. टीम ने डॉ. नुरूल आलम से उनकी MBBS डिग्री मांगी थी.

नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. पीके सिन्हा के मुताबिक, डिग्री पर दर्ज QR कोड स्कैन करने पर उसमें किसी दूसरे डॉक्टर की जानकारी सामने आई. स्वास्थ्य विभाग ने इस आधार पर डिग्री को फर्जी बताया है. सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि जांच में डॉक्टर के पास वैध डिग्री नहीं मिली और वे अनधिकृत रूप से काम करते पाए गए. कलेक्टर ने उनके खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया है.

अस्पताल प्रबंधन को नोटिस

स्वास्थ्य विभाग ने श्री महावीर अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. प्रबंधन से पूछा गया है कि डॉ. नुरूल आलम की नियुक्ति से पहले उनकी डिग्री, पंजीयन और योग्यता का सत्यापन क्यों नहीं किया गया.

जांच के दौरान मेडिकल लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत सुमन राजवाड़े भी बिना वैध दस्तावेजों के काम करते पाए गए. विभाग ने उनके खिलाफ वैधानिक और विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

अस्पताल पर पहले भी नर्सिंग होम एक्ट के उल्लंघन के आरोप लग चुके हैं. अक्टूबर 2026 में जिला प्रशासन ने कथित इलाज में लापरवाही और आयुष्मान योजना से जुड़ी अनियमितताओं की जांच के बाद अस्पताल का लाइसेंस एक महीने के लिए निलंबित किया था. उस जांच में न्यूरो सर्जरी करने वाले चिकित्सक का नाम अस्पताल के पंजीयन दस्तावेजों में दर्ज नहीं होने और आयुष्मान कार्डधारी परिवार से 87,300 रुपये लिए जाने का आरोप भी सामने आया था.