अंबिकापुर के दरिमा एयरपोर्ट से हैदराबाद के लिए नई हवाई सेवा शुरू हो गई है. एलायंस एयर की यह फ्लाइट रायपुर और जगदलपुर होते हुए हैदराबाद पहुंचेगी. सेवा सप्ताह में तीन दिन—मंगलवार, गुरुवार और शनिवार—संचालित की जाएगी.
शुरुआत के दिन फ्लाइट निर्धारित समय पर अंबिकापुर पहुंची और दोपहर 2:05 बजे रायपुर के लिए रवाना हुई. पहले दिन 19 यात्रियों ने अंबिकापुर से रायपुर की यात्रा की. पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और एथलीट अनिमेष कुजूर भी पहली फ्लाइट से रायपुर गए. सेवा शुरू होने के अवसर पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने एयरपोर्ट पहुंचकर यात्रियों को शुभकामनाएं दीं.
यह रहेगा फ्लाइट शेड्यूल
उपलब्ध शेड्यूल के अनुसार, हैदराबाद से फ्लाइट सुबह 9:30 बजे रवाना होकर जगदलपुर और रायपुर होते हुए दोपहर 1:20 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी. अंबिकापुर से वापसी की उड़ान दोपहर 2:05 बजे चलेगी. इसके रायपुर पहुंचने का समय 3:05 बजे, जगदलपुर पहुंचने का समय 4:25 बजे और हैदराबाद पहुंचने का समय शाम 6:10 बजे बताया गया है.
दरिमा एयरपोर्ट के निदेशक डॉ. सुशील श्रीवास्तव के अनुसार, पहले दिन यात्रियों की बुकिंग केवल रायपुर तक हुई. एयरलाइन की वेबसाइट में तकनीकी समस्या के कारण अंबिकापुर से हैदराबाद तक की बुकिंग नहीं हो पा रही थी. कंपनी ने इसे जल्द ठीक करने की बात कही है.
टीएस सिंहदेव ने सेवा शुरू होने को खुशी की बात बताते हुए कहा कि रायपुर पहुंचने के बाद यात्रियों को देश के अन्य महानगरों तक जाने की सुविधा मिलती है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, एयरलाइन ने अंबिकापुर-रायपुर यात्रा का किराया 2,100 रुपये रखा है.
सांसद चिंतामणि महाराज ने अंबिकापुर को वाराणसी और अन्य महानगरों से जोड़ने के लिए प्रस्तावित सेवाओं का भी उल्लेख किया. रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी सेवा के लिए अभी DGCA की अनुमति मिलना बाकी है.
