अंबिकापुर में IPS अधिकारी के बेटे से मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर थाने से न्यायालय तक ले गई और शहर में उनका जुलूस निकाला. अदालत में पेशी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया.

7 सितंबर की रात हुआ विवाद

मामला 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे का बताया गया है. शिकायत के अनुसार, IPS रवि कुर्रे का 24 वर्षीय बेटा लेखांश कांत कुर्रे अपने दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ कार से बौरीपारा स्थित दोस्त प्रिंस गुप्ता के घर जा रहा था. बौरीपारा तालाब के पास कार रोकने के बाद वह प्रिंस से मोबाइल पर बात कर रहा था.

शिकायत में कहा गया है कि वहां मौजूद गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता और अन्य युवकों से बातचीत के दौरान विवाद शुरू हुआ. आरोप है कि रतन गुप्ता और कोया डॉन ने लेखांश से गाली-गलौज की. इसके बाद गोलू गणेश ने उसका हाथ पकड़ा और रतन गुप्ता, कोया डॉन तथा आशुतोष गुप्ता ने हाथ-मुक्के, बेल्ट और कड़े से मारपीट की.

शिकायत के मुताबिक, लेखांश के सिर, कनपटी और चेहरे पर चोटें आईं. एक आरोपी पर गला दबाने की कोशिश का भी आरोप लगाया गया है. उसके दोस्तों ने उसे छुड़ाया. लेखांश ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके पिता के पुलिस अधिकारी होने को लेकर धमकी दी.

पुलिस ने गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, जुलूस निकालने का उद्देश्य लोगों के मन से आरोपियों का डर खत्म करना था. लेखांश नमनाकला खटिकपारा में सिक्योरिटी एजेंसी चलाता है. रवि कुर्रे वर्तमान में रायपुर में पदस्थ हैं और पहले कोरिया जिले के SP रह चुके हैं.