छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में मणिपुर थाना पुलिस ने जमशेदपुर गोलीकांड के चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है. पुलिस के अनुसार, इन लोगों पर जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) नेता समेत चार लोगों पर फायरिंग में शामिल होने का संदेह है. आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड पुलिस जमशेदपुर ले गई है.
पुलिस के मुताबिक, जमशेदपुर के मरीन ड्राइव के पास एक रेस्टोरेंट में शनिवार दोपहर करीब एक बजे गोलीबारी हुई थी. इस दौरान करीब 11 राउंड फायरिंग की गई. गोली लगने से जेएमएम नेता डोमिनिक सैंमसंग और उनके साथ मौजूद रिजवान, कृष्णा चौधरी तथा दिलशाद घायल हुए थे. सभी को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया था. उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है.
ओडिशा के रास्ते छत्तीसगढ़ पहुंचे थे
गोलीबारी के बाद संदिग्ध एक कार से फरार हो गए थे. झारखंड पुलिस उनके लोकेशन को ट्रेस कर रही थी और ओडिशा तथा छत्तीसगढ़ पुलिस को अलर्ट किया गया था. सोमवार सुबह अंबिकापुर के मणिपुर थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने एक अर्टिगा कार को रोका. कार में सवार चार लोगों को हिरासत में लेकर झारखंड पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध ओडिशा के रास्ते छत्तीसगढ़ में दाखिल हुए थे और झारखंड की ओर जा रहे थे. उनकी पहचान रमेश कुमार, मनोज उर्फ मंटू सरकार, दीपू ओझा और शंकर मुंडा के रूप में बताई गई है. चारों जमशेदपुर के निवासी बताए गए हैं.
मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी के मुताबिक, अर्टिगा की तलाशी में कोई हथियार नहीं मिला. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच में इन चारों की कथित भूमिका सामने आई है. आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई झारखंड पुलिस करेगी.
