रायपुर. अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक की खराब सड़क का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मामले का संज्ञान लिया है. उन्होंने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर चर्चा कर सड़क की स्थिति की जानकारी ली और तत्काल निरीक्षण के बाद जरूरी सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क पर बने बड़े गड्ढों को भरने, सड़क का समतलीकरण कराने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा है. अधिक यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित तथा निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
सभी जिलों में सड़कों की निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी जिला कलेक्टरों से निर्माणाधीन सड़कों की नियमित निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर निरीक्षण करने को कहा है. संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखने की जिम्मेदारी तय की गई है.
बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त सड़क, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव या जलभराव से दुर्घटना की आशंका होने पर तत्काल सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश हैं. जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है.
मानसून के बाद निर्माण कार्यों में तेजी
निर्देशों के मुताबिक, बारिश के कारण स्थायी निर्माण में देरी होने की स्थिति में भी सड़क को चलने योग्य बनाए रखने के लिए अंतरिम सुधार किए जाने चाहिए. राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी से जुड़ी सड़क की समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन को संबंधित विभाग के साथ समन्वय करना होगा.
मुख्यमंत्री ने वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाने को कहा है. निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना बनाकर स्थायी मरम्मत और निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं.
