छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में चोपड़ापारा स्थित श्री कृपा पेट्रोल पंप पर सेल्सगर्ल विद्यावती टोप्पो उर्फ भारती की हत्या के मामले में अदालत ने आरोपी जोगेंद्र पैकरा उर्फ लादेन को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. फैसला सप्तम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश महेश कुमार राज की अदालत ने सुनाया.
घटना 2 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 11:30 बजे हुई थी. अभियोजन के अनुसार, आरोपी बाइक से पेट्रोल पंप पहुंचा था और उसके पास चाकू तथा एयरगन थी. उसने विद्यावती पर चाकू से कई वार किए. जान बचाने के लिए भाग रही युवती की मौके पर ही मौत हो गई. बीच-बचाव करने पहुंचे पेट्रोल पंप कर्मी संतोष यादव पर भी चाकू से हमला किया गया था. पास की दुकान के संचालक गुरदेव सिंह ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने एयर पिस्टल से फायर किया. बाद में आसपास के लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और मृतका दोनों कुसमी क्षेत्र के रहने वाले थे. आरोपी ने पुलिस को दिए बयान में दोनों के बीच संबंध होने और युवती के कुछ दिनों से बात नहीं करने से नाराज होने की बात कही थी. जांच में यह भी सामने आया कि वह घटना से पहले अंबिकापुर आया था और नया चाकू खरीदा था.
अदालत ने हत्या के अलावा धारा 117(2) के तहत पांच साल तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत तीन-तीन साल के सश्रम कारावास की सजा और अर्थदंड लगाया. मामले में 22 गवाहों के बयान दर्ज हुए और पेट्रोल पंप का CCTV फुटेज साक्ष्य के रूप में पेश किया गया.
अभियोजन ने मृत्युदंड की मांग की थी. अदालत ने कहा कि पुराने मामलों में दोषसिद्धि से जुड़े दस्तावेज पेश नहीं किए गए; केवल मामला दर्ज होना सुधार की संभावना खत्म नहीं करता. अदालत ने मृतका के माता-पिता को 5 लाख रुपये क्षतिपूर्ति देने की अनुशंसा भी की है.
