अंबिकापुर से रायपुर नई इंटरसिटी ट्रेन चलाने की मांग को फिलहाल झटका लगा है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने लिखित जवाब में कहा है कि अंबिकापुर स्टेशन पर अतिरिक्त लाइन उपलब्ध नहीं होने के कारण वर्तमान में नई ट्रेन का परिचालन संभव नहीं है. रेलवे के अनुसार, इस संबंध में नीतिगत निर्णय रेलवे बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में आता है.
रेलवे ने बताया कि अंबिकापुर स्टेशन पर रात के समय तीन ट्रेनों के रैक खड़े रहते हैं. इनमें 11265/66 जबलपुर-अंबिकापुर-जबलपुर, 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर और 18755 शहडोल-अंबिकापुर ट्रेनें शामिल हैं. इन ट्रेनों को सुबह रवाना करने के लिए उनके रैक रात में स्टेशन पर रखने पड़ते हैं. अतिरिक्त लाइन नहीं होने से नई ट्रेन के लिए जगह उपलब्ध नहीं है.
अंबिकापुर से रायपुर इंटरसिटी के अलावा शहडोल से नागपुर तक चलने वाली ट्रेन का अंबिकापुर तक विस्तार करने की मांग भी की गई थी. रेलवे ने कहा कि यह ट्रेन मध्य रेलवे की है. ट्रेन रात करीब 10 बजे शहडोल पहुंचती है और सुबह पांच बजे रवाना होती है. इस समयावधि में इसे अंबिकापुर तक बढ़ाने के लिए पर्याप्त ठहराव समय उपलब्ध नहीं है. स्टेशन पर लाइन की कमी भी इस विस्तार में बाधा है.
दोहरीकरण के बाद सुधर सकती है स्थिति
रेलवे के मुताबिक सूरजपुर से बैकुंठपुर तक 40 किलोमीटर रेल लाइन दोहरीकरण का काम तेजी से चल रहा है. बोरीडांड-बैकुंठपुर खंड के काम की निविदा अंतिम रूप दी जा चुकी है. सूरजपुर रोड से अंबिकापुर तक दोहरीकरण के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे को रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिल गई है और निविदा आमंत्रित की गई है. दोहरीकरण पूरा होने के बाद नई ट्रेनों के संचालन से जुड़ी लाइन की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है.
अंबिकापुर स्टेशन पर कोच डिस्प्ले बोर्ड, पैदल ऊपरी पुल और लिफ्ट सहित स्टेशन उन्नयन के कार्यों को भी मंजूरी दी गई है. रेलवे ने इन कार्यों को जल्द शुरू करने की जानकारी दी है.
