अंबिकापुर में बस स्टैंड के पास स्थित रिंगबांध तालाब की 57 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी आजाद एराकी को रायपुर से गिरफ्तार किया है. आरोपी को अंबिकापुर लाकर अदालत में पेश किया गया. मामले में सरगुजा कलेक्टर के निर्देश पर FIR दर्ज की गई थी.

रिंगबांध तालाब का कुल क्षेत्रफल 6.25 एकड़ बताया गया है और सरकारी रिकॉर्ड में यह जमीन निस्तार मद में दर्ज है. प्रशासनिक जांच के अनुसार, तालाब की 57 डिसमिल जमीन की जनवरी 2026 में आजाद एराकी के नाम रजिस्ट्री कराई गई. जांच में यह भी सामने आया कि सेटलमेंट रिकॉर्ड में जमीन अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित थी.

जलक्षेत्र पाटने और प्लॉटिंग की शिकायत

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब पांच महीने पहले तालाब के जलक्षेत्र में मिट्टी डालकर उसे पाटने और प्लॉटिंग करने का काम शुरू किया गया था. विरोध के बाद अंबिकापुर तहसीलदार, नगर निगम आयुक्त और तहसील प्रशासन ने जमीन पर काम रोकने के निर्देश दिए. इसके बाद सरगुजा कलेक्टर ने अंबिकापुर एसडीएम से जांच कराई.

जांच रिपोर्ट में खसरा नंबर 3714 की जमीन के हस्तांतरण में कथित फर्जी और गलत दस्तावेजों के इस्तेमाल का उल्लेख है. रिपोर्ट के मुताबिक, जमीन 1954-55 से पहले जैलाल पिता जोधन, जाति गोंड़, के नाम दर्ज थी. नगर निगम ने 4 मई 2026 को बताया कि जैलाल की 23 अप्रैल 1976 की मौत से संबंधित मृत्यु प्रमाण पत्र उसके रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है और ऐसा प्रमाण पत्र निगम ने जारी नहीं किया था.

रिपोर्ट में अमलभिट्ठी के पटवारी पर वारिसों की जानकारी कथित रूप से गलत तैयार करने और उसी आधार पर फौती नामांतरण कराने का भी उल्लेख है. रजिस्ट्री में चंद्रशेखर यादव समेत अन्य लोगों को वारिस बताया गया था.

कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर विक्रेता चंद्रशेखर यादव, अन्य विक्रेताओं और खरीदार आजाद एराकी के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई. प्रशासन रजिस्ट्री निरस्त कराने और जमीन को राज्य शासन के खाते में दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर चुका है. मामले में तत्कालीन तहसीलदारों और अन्य राजस्व कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.