अंबिकापुर में खराब सड़कों से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. भारत माता चौक से दरिमा रोड तक सड़क निर्माण शुरू हो गया है और इसे तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ मार्ग के चौड़ीकरण और नवनिर्माण पर भी सहमति बनी है. इस काम को पूरा करने के लिए ठेकेदार को 18 महीने का समय दिया गया है.
अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र की खरसिया नाका रोड पर जलभराव की समस्या को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण के साथ नाली और सीसी रोड बनाई जा रही है. करीब 2 किलोमीटर लंबे हिस्से में 300 मीटर पर डामरीकरण हो चुका है. शेष हिस्से में सीसी रोड बनाने की योजना है. चौड़ीकरण के लिए जिला प्रशासन ने 40 से अधिक अतिक्रमण हटाए हैं. नेशनल हाईवे अधिकारियों के अनुसार, इस सड़क का काम अगले तीन महीने में पूरा किया जाएगा.
सीतापुर नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए पेड़ों की कटाई की अनुमति मिल गई है. अब अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी और विभाग ने यहां छह महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है. नेशनल हाईवे-43 पर खरसिया नाका से लुचकी घाट और सीतापुर क्षेत्र में करीब 4 किलोमीटर सड़क खराब बताई गई है. गांधी चौक से सिलफिली तक का मार्ग भी जर्जर है.
अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ मार्ग पर गांधी चौक से रेलवे स्टेशन रोड तक चौड़ीकरण किया जाएगा. पीडब्ल्यूडी की स्वीकृत राशि नेशनल हाईवे को ट्रांसफर किए जाने के बाद काम आगे बढ़ने की बात कही गई है. बिजली के पोल और पाइपलाइन हटाने के लिए संबंधित विभागों को डिमांड नोट जारी किए गए हैं. फिलहाल गड्ढों की पेंच रिपेयरिंग कराई गई है.
खराब सड़कों के विरोध में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नेशनल हाईवे कार्यालय का घेराव किया. अधिकारियों के मौजूद नहीं होने पर प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताई और सड़कें जल्द ठीक नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी. विभागीय मानचित्रकार के अनुसार, कुछ अधिकारी रायपुर की बैठक में, कार्यपालन अभियंता हाईकोर्ट में पेशी पर और अन्य अधिकारी फील्ड में थे.
