अंबिकापुर शहर और आसपास की बदहाल सड़कों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विधायक एवं मंत्री राजेश अग्रवाल के बंगले का घेराव किया. प्रदर्शनकारी करीब डेढ़ घंटे तक वहां डटे रहे और सड़क निर्माण में देरी पर नाराजगी जताई. उस समय मंत्री सूरजपुर में थे. प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद वे अंबिकापुर पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं.
मुलाकात के दौरान मंत्री ने प्रदर्शनकारियों को लड्डू, आलू गुंडा और चाय दी. उन्होंने माना कि क्षेत्र की सड़कें खराब हैं. मंत्री के अनुसार, सड़कों के निर्माण का टेंडर हो चुका है और बारिश खत्म होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि जिन सड़कों पर अधिक परेशानी है, वहां अगले दिन से गड्ढे भरने का काम शुरू किया जाएगा.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अंबिकापुर में करीब सात महीने पहले 7.56 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़कें बारिश में खराब हो गईं. उन्होंने सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और इसे कथित भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए जांच की मांग उठाई. खरसिया चौक से लुचकी घाट तक करीब एक किलोमीटर, अंबेडकर चौक से रेलवे स्टेशन तक करीब 2.5 किलोमीटर सड़क, बंगाली चौक-भकुरा रोड और एमजी रोड की बदहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. एमजी रोड पर करीब चार फुट तक गहरे गड्ढे होने का दावा किया गया.
आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने मंत्री को आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा. इसमें बायपास का निर्माण जल्द पूरा कराने और पीडब्ल्यूडी तथा राष्ट्रीय राजमार्ग की सड़कों को नगर निगम को सौंपने की मांग शामिल है. उन्होंने शहर में मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने और अंबिकापुर-लखनपुर मार्ग पर चलने वाले वाहनों को टोल टैक्स से मुक्त करने की मांग भी की.
कार्यकर्ताओं ने कहा कि हर बार सड़क खराब होने पर बारिश को कारण बताया जाता है, जबकि बारिश के बाद भी टेंडर प्रक्रिया में कई महीने लग जाते हैं. मंत्री से चर्चा के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त किया.
