अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का अभियान शुरू हो गया है. लोक निर्माण विभाग ने महामाया चौक से लरंग साय चौक तक सड़क पर बीटी पैच रिपेयरिंग का काम शुरू किया है. यह कार्य उन मार्गों की मरम्मत की योजना का हिस्सा है, जहां यातायात अधिक है या सड़क की स्थिति ज्यादा खराब है.

यह अभियान उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण व नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के सरगुजा प्रवास के दौरान दिए गए निर्देशों के बाद शुरू किया गया. विभागीय कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने सड़कों की स्थिति सुधारने, गड्ढों की जल्द मरम्मत करने और लोगों के लिए सुगम व सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे.

150 किलोमीटर सड़क की मरम्मत

लोक निर्माण विभाग संभाग अंबिकापुर के अंतर्गत विभिन्न मार्गों के संधारण और मरम्मत के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में वार्षिक संधारण मद से तीन करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. इस राशि से क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की जाएगी. विभाग ने कुल 150 किलोमीटर लंबाई में बीटी पैच कार्य कराने का लक्ष्य तय किया है. इन कामों को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

विभाग के अनुसार, मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं. पहले अधिक यातायात वाले और अत्यधिक खराब मार्गों को लिया जाएगा.

तीन प्रमुख सड़कों पर भूमिगत केबल का प्रस्ताव

अंबिकापुर नगर निगम ने देवीगंज रोड, ब्रम्ह रोड और सदर रोड में भूमिगत विद्युतीकरण के लिए 28 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा है. महापौर मंजूषा भगत के अनुसार, यह काम मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत प्रस्तावित है. स्वीकृति मिलने पर इन मार्गों पर बिजली के तारों को भूमिगत करने का काम किया जाएगा. योजना सफल होने पर शहर के अन्य चौड़े मार्गों के लिए भी ऐसे प्रस्ताव भेजे जाने की बात कही गई है.