अंबिकापुर के संजय पार्क में आधुनिक वन्यजीव ट्रांजिट ट्रीटमेंट सेंटर स्थापित किया जाएगा. छत्तीसगढ़ राज्य वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति ने इसके प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. केंद्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष और दुर्घटनाओं में घायल वन्यजीवों के बचाव, प्राथमिक उपचार और कुछ समय तक देखभाल की सुविधा रहेगी.

यह निर्णय वन मंत्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में हुई स्थायी समिति की बैठक में लिया गया. संजय पार्क में पहले से वन्यजीवों के लिए कुछ जरूरी व्यवस्थाएं मौजूद हैं. यहां हिरण प्रजाति के वन्यजीवों के लिए अलग बाड़ा, मोरों के संरक्षण की व्यवस्था, शेड और केज उपलब्ध हैं. इसलिए केंद्र शुरू करने के लिए बड़े स्तर पर नए अधोसंरचना खर्च की जरूरत नहीं होगी. जरूरत के अनुसार सामग्री उपलब्ध कराने और वन्यजीव विशेषज्ञों की पदस्थापना के बाद इसका संचालन किया जा सकेगा.

हिरणों की मौत के बाद भेजा गया था प्रस्ताव

कुछ महीने पहले आवारा कुत्तों के पार्क के बाड़े में घुसने से कई हिरण और चीतल मारे गए थे. इसके बाद यह बात सामने आई कि ट्रांजिट ट्रीटमेंट सेंटर के संचालन के लिए विधिवत अनुमति नहीं ली गई थी. घटना के बाद स्थानीय स्तर से केंद्र को नियमों के तहत संचालित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था. अब बोर्ड की स्वीकृति मिलने से इसे आधिकारिक आधार मिल गया है.

बचाव के बाद उपचार और सुरक्षित ठहराव

किसी घायल, बीमार या आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचे वन्यजीव को सीधे जंगल में छोड़ने के बजाय पहले केंद्र में लाया जाएगा. यहां उसे प्राथमिक उपचार, पानी और भोजन दिया जाएगा. संक्रामक बीमारी की जांच के लिए उसे कुछ समय अलग रखा जा सकेगा.

पुनर्वास के दौरान वन्यजीव को जंगल के माहौल में लौटने के लिए तैयार किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर किसी अन्य वन क्षेत्र या रेस्क्यू केंद्र भेजने से पहले यह स्थान अस्थायी ठहराव के रूप में भी काम करेगा.