छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 64 वर्षीय LIC एजेंट बशीरुद्दीन की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके दामाद समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, दामाद मो. नाजिम शबा ने ससुर की हत्या के लिए हमलावरों से ₹5 लाख में सौदा किया था. मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर इलाके का है.

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की सुबह तीन हमलावर बशीरुद्दीन के घर में घुसे और उन पर चाकू से हमला किया. परिजनों के शोर मचाने पर आरोपी भाग गए. बशीरुद्दीन को तीन चाकू लगे थे. उन्हें पहले मिशन हॉस्पिटल ले जाया गया, इसके बाद फिरदौही हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

जांच में पुलिस को कथित तौर पर पता चला कि नाजिम ने झारखंड के पलामू जिले के चौनपुर से कंचन कुमार और एक अन्य व्यक्ति को अंबिकापुर बुलाया था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी अजिरमा इलाके में नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू के किराए के कमरे में रुके और वहीं हत्या की योजना बनाई. वारदात के समय आरोपी बाइक से रसूलपुर पहुंचे थे.

तलाक के विवाद से जोड़कर देख रही पुलिस

मृतक की बेटी सादिया शारीन सिद्दीकी ने बताया कि उनकी शादी करीब तीन साल पहले नाजिम से हुई थी. आपसी विवाद के बाद दोनों अलग रहने लगे थे और तलाक का मामला अदालत में चल रहा था. सादिया के अनुसार, पहले भी पति ने केस वापस नहीं लेने पर उन्हें और परिवार को धमकी दी थी.

पुलिस ने नाजिम, नेजारूउद्दीन और शूटर बताए जा रहे कंचन कुमार को पकड़ा था. बाद में चौथे आरोपी आकाश गुप्ता को झारखंड के चौनपुर स्थित उसके घर से हिरासत में लिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है. आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया में होगा.