छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में छह पिल्लों की मौत के मामले में पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर कुछ नाबालिगों की पहचान की है. आरोप है कि पिल्लों को पहले पीटा गया, फिर बोरी में भरकर उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई. घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र में पंजाब गार्डन के पीछे 13 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है.
घटना की जानकारी अगले दिन सामने आई, जब लोगों को पंजाब गार्डन के पीछे पिल्लों के अधजले शव पड़े मिले. स्थानीय लोगों के अनुसार, वहां घूम रहे आवारा कुत्ते शवों को नोंच रहे थे. सूचना मिलने पर बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा मौके पर पहुंचे और छहों शवों को सुरक्षित रखवाया. इसके बाद गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई.
शनिवार को पुलिस टीम और डॉग शेल्टर के सदस्यों ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, फुटेज में कुछ नाबालिग पिल्लों के साथ मारपीट करते और बाद में उनके शवों को एक जगह रखकर ज्वलनशील पदार्थ डालते दिखाई दिए. पुलिस ने फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की और उनके अभिभावकों को थाने बुलाया.
घटनास्थल के पास दो स्ट्रीट डॉग ने दिए थे जन्म
पुलिस और पशु प्रेमियों की पूछताछ में सामने आया कि घटनास्थल के पास दो स्ट्रीट डॉग ने पिल्लों को जन्म दिया था. इनमें से तीन पिल्लों की आसपास के लोग देखभाल कर रहे थे, जबकि बाकी अपनी मां के साथ घूमते थे. आरोप है कि इन्हीं पिल्लों को पकड़कर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें जला दिया गया.
गांधीनगर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि घटना में शामिल बताए जा रहे नाबालिगों की पहचान कर ली गई है. उनके अभिभावकों को थाने बुलाया गया है. थाना प्रभारी के अनुसार, नाबालिगों की संलिप्तता के बावजूद वैधानिक कार्रवाई की संभावनाएं देखी जा रही हैं.
