अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र में दसवीं कक्षा के एक छात्र से मारपीट के मामले में पुलिस ने पांच नाबालिगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है. सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, घटना करीब पांच दिन पहले नमनाकला इलाके में हुई. केदारपुर स्कूल में पढ़ने वाला छात्र अपने एक दोस्त के साथ किराना दुकान के पास खड़ा था. इसी दौरान कुछ नाबालिग बुलेट से वहां पहुंचे और तेज रफ्तार में पटाखे फोड़ रहे थे. छात्र ने उन्हें ऐसा करने से मना किया और कहा कि इससे किसी को चोट लग सकती है.
आरोप है कि इस बात से नाराज नाबालिगों ने छात्र को पकड़ लिया और पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान ले गए. वहां नकाब पहने आरोपियों ने उसके साथ डंडे और लात-घूंसों से मारपीट की. छात्र को बचाने पहुंचे उसके दोस्त के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है.
घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था. वीडियो सामने आने के बाद सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने कार्रवाई के निर्देश दिए. छात्र की शिकायत पर गांधीनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 137(2), 138, 191(2), 126, 296, 351(3) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
