अंबिकापुर के बंगाली चौक इलाके में रहने वाली और सरगुजा जिले के लखनपुर ब्लॉक के ग्राम गोरता की किसान सुरबिल दास मशरूम उत्पादन और प्रशिक्षण के क्षेत्र में काम कर रही हैं. वह पिछले पांच वर्षों से मशरूम की खेती कर रही हैं और साल में दो सीजन में उत्पादन लेती हैं.
पिछले साल सुरबिल ने 2.5 टन ऑयस्टर और 1.50 टन बटन मशरूम का उत्पादन किया. इस वर्ष ऑयस्टर मशरूम की फसल लगा दी गई है, जबकि बटन मशरूम के लिए कम्पोस्ट तैयार है. मशरूम उत्पादन में उनके नवाचार और प्रशिक्षण कार्य को देखते हुए कृषि विज्ञान केंद्र, अंबिकापुर ने उन्हें 20×28 आकार के दो सेटअप और जगह उपलब्ध कराई है.
वेस्टेज से जैविक खाद
सुरबिल मशरूम उत्पादन में शून्य-अपशिष्ट तकनीक अपनाती हैं. फसल के बाद बची सामग्री को फेंकने के बजाय वह उससे जैविक खाद तैयार करती हैं. इस खाद का इस्तेमाल अपनी खेती में करने के साथ जरूरत के अनुसार बिक्री भी करती हैं. उनके अनुसार, इससे रासायनिक पदार्थों के बिना खेती में पैदावार बढ़ाने में मदद मिलती है.
वह मशरूम से बड़ी, अचार और पापड़ भी तैयार कर बाजार में बेचती हैं. इससे मशरूम की उपज का खाद्य प्रसंस्करण के जरिए अतिरिक्त उपयोग हो रहा है.
सुरबिल नेशनल ट्रेनर के रूप में अब तक 500 से अधिक लोगों को मशरूम उत्पादन की जानकारी दे चुकी हैं. वह जिले के 20 से 25 गांवों में महिलाओं को मशरूम की खेती और फूड प्रोसेसिंग का प्रशिक्षण देती हैं. इसके अलावा सिलफिली स्थित महात्मा गांधी उद्यानिकी कॉलेज में भी मशरूम उत्पादन के लिए तकनीकी मार्गदर्शन दे रही हैं.
