छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान प्रशिक्षु डीएसपी और दरिमा थाना प्रभारी निशांत कुर्रे से मारपीट तथा उनके निजी वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में छह मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है.
घटना जगदीशपुर मेन रोड की बताई गई है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे निशांत कुर्रे ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण के बाद निजी वाहन से दरिमा से अंबिकापुर लौट रहे थे. इसी दौरान सड़क पर पिकअप वाहन में तेज आवाज में डीजे बजाते हुए गणेश विसर्जन की झांकी निकाली जा रही थी. इससे आम रास्ता बाधित होने की बात सामने आई है.
प्रशिक्षु डीएसपी ने जुलूस में शामिल लोगों से वाहन को साइड देने और मार्ग व्यवस्थित करने की समझाइश दी. आरोप है कि इसी बात को लेकर कुछ युवक विवाद करने लगे और मामला मारपीट तक पहुंच गया. पुलिस के मुताबिक, इस दौरान सरकारी काम में बाधा डाली गई तथा डीएसपी के निजी वाहन के शीशे तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त किया गया. घटना में उन्हें मामूली चोटें आईं.
छह आरोपियों पर कई धाराओं में केस
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर छह लोगों को पकड़ा. थाना मणिपुर में दर्ज मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 121(1), 221, 324(4) और 3(5) लगाई गई हैं. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है; इस दावे का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया में होगा.
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल राजवाड़े, धनेश्वर राजवाड़े उर्फ धन्नू, रामदेव राजवाड़े उर्फ चुटुल, शिवशंकर राजवाड़े उर्फ शिव, नीरज राजवाड़े और मुकेश दास शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है. अंबिकापुर ग्रामीण एसडीओपी राकेश बघेल ने बताया कि मार्ग बंद होने पर समझाइश देने के दौरान विवाद हुआ और आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई.
