अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार 22 वर्षीय युवक को रोककर मारपीट करने का मामला सामने आया है. घटना महामाया रोड के पास की बताई जा रही है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान और तलाश जारी है.
शिकायतकर्ता अभिरत सिंहदेव ने पुलिस को बताया कि 7 सितंबर की शाम वह अपने दोस्त देव दुबे के साथ स्कूटी से महामाया पारा जा रहा था. समलाया मंदिर के पास गोलू पठान, राज बंगाला और कुछ अन्य युवकों ने उसे रोक लिया. आरोप है कि युवकों ने उससे पैसे मांगे और रकम देने से इनकार करने पर घेरकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की.
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने अभिरत की जेब से 2,500 रुपये निकाल लिए और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखा
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी सवार युवक के रुकने के बाद कुछ लोगों के उसे घेरने और झूमाझटकी करने की बात सामने आती है. फुटेज में युवक वहां से स्कूटी लेकर निकलता हुआ दिखाई देता है.
पुलिस ने गोलू पठान, राज बंगाला समेत अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 191(2), 119(1) और 324(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस के अनुसार, राज बंगाला को गिरफ्तार किया गया है. बाकी आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है.
अभिरत सिंहदेव को छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव का भतीजा बताया गया है. मामले में पुलिस की जांच जारी है.
