जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने बुधवार को रायपुर की अदालत में सरेंडर किया. यह कदम बिलासपुर हाईकोर्ट से मिली तीन महीने की अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने के बाद उठाया गया. उनके अदालत पहुंचने के दौरान समर्थकों की भीड़ कोर्ट परिसर के बाहर जुटी रही.

अमित बघेल के खिलाफ अग्रवाल और सिंधी समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में रायपुर के तेलीबांधा, कोतवाली और देवेंद्र नगर समेत अलग-अलग थानों में FIR दर्ज की गई थीं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनके खिलाफ कुल 14 FIR दर्ज होने की बात सामने आई थी.

तीन मामलों में मिली थी अंतरिम राहत

दिसंबर 2025 में गिरफ्तारी के बाद अमित बघेल ने हाईकोर्ट में जमानत के लिए याचिका दायर की थी. हाईकोर्ट ने नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी थी, लेकिन तीन अलग-अलग मामलों में उन्हें तीन महीने की अंतरिम जमानत दी थी. यह राहत कुछ शर्तों के साथ दी गई थी.

अंतरिम जमानत के दौरान उन्हें तीन महीने तक रायपुर जिले की सीमा में निवास नहीं करने का निर्देश दिया गया था. हालांकि, अदालत में पेशी की निर्धारित तारीखों पर रायपुर आने की अनुमति थी. उनके वकील हर्षवर्धन परगनिया ने अंतरिम जमानत मिलने की जानकारी दी थी. वहीं, आपत्तिकर्ता के वकील सुनील ओटवानी ने इसे तीन महीने का पैरोल बताया था.

प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद बढ़ा था विवाद

विवाद की शुरुआत 26 अक्टूबर 2025 को रायपुर के VIP चौक पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के बाद हुई थी. मौके पर पहुंचे छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प की बात सामने आई थी. पुलिस ने प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने के आरोपी को गिरफ्तार किया था.

इसके बाद अमित बघेल की कथित टिप्पणी को लेकर रायपुर, रायगढ़ और सरगुजा समेत कई जगह विरोध प्रदर्शन हुए. अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग की थी.